वाराणसी : जनवरी में होंगी यूपी बोर्ड की प्री-बोर्ड और प्रायोगिक परीक्षाएं, दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने की तैयारी
वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं से पहले जनवरी में प्री-बोर्ड और प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए माध्यमिक विद्यालयों में दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारियों का आकलन किया जाएगा। साथ ही कमजोर विषयों और विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी अतिरिक्त तैयारी कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी शैक्षणिक कार्यक्रम के अनुसार बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होंगी। इससे पहले जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जाएंगी। इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं भी जनवरी में होंगी। प्रायोगिक परीक्षाओं में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान समेत अन्य विषय शामिल होंगे। वहीं, हाईस्कूल में आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक विषयों का अंकलन निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों को निर्धारित समय के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों का नियमित रिवीजन कराने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड की ओर से जारी सैंपल पेपर के माध्यम से भी छात्रों को परीक्षा की तैयारी कराने पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि बोर्ड परीक्षार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराएं, ताकि समय से पाठ्यक्रम पूरा होने के साथ ही परीक्षा की तैयारी भी बेहतर ढंग से हो सके।

