वाराणसी : जम्मू-कटरा में दमखम दिखाएंगी यूपी और पूर्वांचल की टीमें, 29 सितंबर को होंगी रवाना
वाराणसी। T10 टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल की टीमें 29 सितंबर को जम्मू-कटरा के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है। रवाना होने से पहले बिरला ग्राउंड पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन तथा एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया गया।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए रमना ग्राम प्रधान अमित कुमार पटेल और बीएचयू चौकी इंचार्ज सौरभ तिवारी बिरला ग्राउंड पहुंचे। दोनों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। इस दौरान जीत के साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल के नियमों का सम्मान करना भी जरूरी है।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ खेलने का आह्वान किया। कहा कि उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि मैदान पर उनका व्यवहार और अनुशासन भी क्षेत्र की पहचान बनता है। सभी खिलाड़ी आपसी तालमेल बनाए रखें और एकजुट होकर बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करें।
कार्तिक गुप्ता संभालेंगे यूपी टीम की कमान
उत्तर प्रदेश की टीम की कप्तानी कार्तिक गुप्ता करेंगे। टीम में उनके साथ विनायक जायसवाल, हर्षित विश्वकर्मा, सूरज यादव, उज्जवल, अंकित, रोहित, सिद्धार्थ, मिलित, ऋषभ, हिमांशु, रौनक और हर्ष शामिल हैं।
कृष्णा जायसवाल होंगे पूर्वांचल टीम के कप्तान
पूर्वांचल की टीम की कमान कृष्णा जायसवाल के हाथों में होगी। टीम में प्रथम जायसवाल, आर्यन चौबे, बादल, आयुष चौबे, प्रीतम, सौरभ, वैभव, अनवर, सार्थक, यश सिंह, मयंक और पृथ्वी शामिल हैं। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वे पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ जम्मू-कटरा पहुंचेंगे और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे। साथ ही दोनों टीमों ने अपनी क्षेत्रीय पहचान और गरिमा बनाए रखते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का संकल्प लिया। 29 सितंबर को रवाना होने के बाद दोनों टीमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली टीमों के साथ मुकाबला करेंगी।

