वाराणसी : कोनिया पुल के पास वरुणा में गिर रहा अशोधित मलजल, पाइपलाइन लीकेज से बढ़ी चिंता

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र में कोनिया पुल के पास वरुणा नदी में बीते कई दिनों से अशोधित मलजल गिरने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कोनिया पम्प हाउस से 80 एमएलडी क्षमता वाले दीनापुर एसटीपी तक जाने वाली पाइपलाइन में बड़ा लीकेज हो गया है, जिसके चलते बिना शोधन का गंदा पानी सीधे नदी में बह रहा है।

कोनिया पम्प हाउस से अशोधित मलजल पाइप के माध्यम से दीनापुर स्थित 80 एमएलडी ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाता है, जहां उसका शोधन किया जाता है। यह पाइपलाइन वरुणा नदी के ऊपर पिलरों के सहारे होकर गुजरती है। खालिसपुर की ओर, कोनिया पुल के समीप पाइप में गंभीर रिसाव हो गया है। इसी लीकेज के कारण मलजल सीधे वरुणा में गिर रहा है, जिससे नदी के प्रदूषण स्तर में वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। विभागीय सीयूजी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास भी बेनतीजा रहा। नदी संरक्षण को लेकर बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। यदि शीघ्र मरम्मत नहीं की गई, तो वरुणा नदी का प्रदूषण और बढ़ सकता है, जिसका असर आसपास के पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।

Share this story