वाराणसी : स्कूल के बाहर छात्राओं से अभद्रता करना पड़ा भारी, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को दबोचा
वाराणसी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत थाना जंसा पुलिस ने स्कूल के बाहर छात्राओं से अभद्रता कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थानाध्यक्ष जंसा सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास गश्त कर रही थी। अभियान का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखना था। मुखबिर से सूचना मिली कि हाथी बरनी इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के पास दो युवक विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे हैं और हंसी-ठिठोली के साथ आपत्तिजनक इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अवधेश कुमार (20 वर्ष) पुत्र अशोक राम तथा अजीत कुमार (18 वर्ष) पुत्र रामदुलार, दोनों निवासी ग्राम पचवार, थाना जंसा, जनपद वाराणसी के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना जंसा में मुकदमा संख्या 145/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296 में मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान विद्यालय के आसपास मौजूद अन्य युवकों और लोगों को भी सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनुचित व्यवहार न करने की सख्त चेतावनी दी गई। उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

