वाराणसी : ऑटो सवार महिला पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, बाइक सीज
वाराणसी। रात्रि में ऑटो से जा रही एक महिला पर अभद्र टिप्पणी करने और उसका पीछा करने के मामले में कैंट थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन को भी सीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में आलोक मिश्रा निवासी रमदत्तपुर, थाना लालपुर-पांडेयपुर वाराणसी तथा आशुतोष सिंह निवासी महामालपुर, कछवां मिर्जापुर शामिल हैं। दोनों की उम्र करीब 21 से 22 वर्ष बताई गई है। आरोपियों को 12 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे गोलघर चौराहा कचहरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
मामले की जानकारी पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल एक वीडियो के माध्यम से मिली थी। वीडियो में एक महिला ने आरोप लगाया था कि वह 7 मई की भोर में ऑटो से कहीं जा रही थी, तभी कुछ बाइक सवार युवक उसका पीछा करते हुए उस पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और महिला से संपर्क कर घटना की पूरी जानकारी ली गई।
महिला द्वारा बताए गए स्थान और समय के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, अमित कुमार तथा महिला आरक्षी कमल भारती शामिल रहीं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

