वाराणसी: तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से साइकिल सवार दो छात्राएं घायल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर सर्विस लेन पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से साइकिल सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक गलत दिशा में ही मिर्जामुराद बाजार से होते हुए खजूरी की ओर फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शिवरामपुर निवासी आयुष यादव अपने भाई अंश यादव के साथ साइकिल से रूपापुर स्थित कोचिंग पढ़ने गए थे। कक्षा समाप्त होने के बाद दोनों भाई घर लौट रहे थे। इसी दौरान सर्विस लेन पर विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र कई फीट दूर जा गिरे और सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े रहे।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर प्राप्त हो चुकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

