वाराणसी : रिंग रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत, चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर गांव के पास रिंग रोड पर गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चिरईगांव भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को घर भेज दिया गया।

जाल्हूपुर निवासी सुरेश यादव (45) केंद्रीय कारागार में ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। वहीं मढ़नी गांव निवासी आदित्य (18), पुत्र सुरेंद्र, भी शहर से काम समाप्त कर अपने घर जा रहा था। बताया जाता है कि संदहां चौराहे से आगे बरियासनपुर गांव के सामने किसी कारणवश दोनों बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। दुर्घटना के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके कारण उन्हें चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से पीएचसी चिरईगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य थी, इसलिए उपचार के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई।

Share this story