वाराणसी : दो बाइकों की जोरदार टक्कर, दो घायल, ट्रांसपोर्टरों के कब्जे से आए दिन लगता है जाम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मोहनसराय हाईवे स्थित ओवरब्रिज के किनारे बनी सर्विस रोड पर सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश रहा। लोगों का कहना रहा कि मार्ग पर ट्रांसपोर्टरों के कब्जे और ट्रकों की कतार के कारण अक्सर जाम लगता है, जिससे क्षेत्र के राहगीर बेहद परेशान रहते हैं। वहीं हादसे भी होते हैं। 

बाजीपुर निवासी महेंद्र यादव (55 वर्ष) अपनी पैशन बाइक से अपने नियइसीपुर स्थित ईंट भट्ठा पर जा रहे थे। उसी दौरान राजातालाब के वीरभानपुर निवासी अभिनव कुमार (21 वर्ष) बुलेट से आ रहे थे। दोनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इससे दोनों वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मोहनसराय पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहीं घटनास्थल पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य दर्शन यादव भी मदद में जुट गए। उन्होंने महेंद्र यादव को नजदीकी निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहीं बुलेट सवार घायल युवक अभिनव कुमार को परिजनों ने चितईपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहनसराय सर्विस रोड वाराणसी से मिर्जापुर और प्रयागराज जाने वाली मुख्य कड़ी है। यह हाईवे का सिंगल मार्ग होने के बावजूद दोनों दिशाओं से वाहनों के भारी आवागमन को झेलता है। लेकिन समस्या तब और बढ़ जाती है जब स्थानीय ट्रांसपोर्टर सड़क किनारे ट्रकों की लंबी लाइन खड़ी कर देते हैं, जिससे सड़क लगभग आधी बंद हो जाती है। इसके कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

Share this story