वाराणसी : रिंग रोड पर ट्रेलर और ट्रक में जोरदार भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक-परिचालक
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना स्थित रिंग रोड फेज-2 पर शनिवार भोर में तेज रफ्तार ट्रेलर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। हादसे में ट्रेलर चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों केबिन में फंस गए।
ट्रेलर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर उसमें जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में ट्रेलर चालक सलमान खान (22) और परिचालक रोहित (20), दोनों निवासी बैजनाथपुर चौराहा, देवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही खजुरी चौकी प्रभारी जगदंबा सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रेलर का केबिन क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों युवक अंदर फंस गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

