वाराणसी : भीषण गर्मी में जरूरतमंदों के सहारे बने व्यापारी, रिक्शा चालकों में बांटा गमछा, चश्मा और पानी
वाराणसी। भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से वाराणसी व्यापार मंडल एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस दौरान गरीब रिक्शा चालकों, टॉली चालकों, दिव्यांगजनों और राह चलते मजदूरों को धूप से बचाव के लिए गमछा, धूप का चश्मा एवं ठंडा पानी वितरित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्घा ने किया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और मेहनतकश लोगों की सहायता करना सभी का नैतिक दायित्व है। भीषण गर्मी में दिनभर मेहनत करने वाले रिक्शा और टॉली चालक सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, इसलिए उन्हें राहत पहुंचाने का यह प्रयास किया गया है।
सामग्री पाकर रिक्शा चालकों और मजदूरों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई रिक्शा चालकों ने भावुक होकर कहा कि आज तक किसी ने उनके बारे में नहीं सोचा, लेकिन वाराणसी व्यापार मंडल ने उनकी परेशानी को समझते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने संगठन और उसके पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सत्य प्रकाश जायसवाल, शाहिद कुरैशी, सुजीत वर्मा, प्रिंस दिलीप, आशीष शर्मा, प्रिया अग्रवाल, संगीता चौबे, सुनील चौरसिया, रवि चौरसिया, महेश चौरसिया, रमेश चौरसिया, उमा यादव, किशोरी दुबे, बिंदु सिंह, रोहित सिंह, भावना सिंह, प्रियम प्रगा तिवारी, समीर यादव, अनिकेश निगम, साहिल यादव, अमरनाथ चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

