एचआईवी नियंत्रण में वाराणसी प्रदेश में अव्वल, मिला ‘सुरक्षित जनपद’ का दर्जा
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की रैंकिंग में प्रदेश के छह जिलों में काशी ने हासिल किया पहला स्थान, 4105 मरीजों का वायरल लोड हुआ नियंत्रित
वाराणसी। एचआईवी/एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में वाराणसी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) की ओर से जारी रैंकिंग में वाराणसी को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इसके साथ ही जिले को ‘सुरक्षित’ जनपद का दर्जा प्रदान किया गया है। प्रदेश के कुल छह जिलों को इस रैंकिंग में शामिल किया गया था। इस उपलब्धि के साथ वाराणसी एचआईवी नियंत्रण के मामले में प्रदेश के लिए एक उदाहरण बनकर उभरा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि यह सफलता राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध जांच एवं उपचार, एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) सेवाओं से मरीजों को जोड़ने, वायरल लोड की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की ओर से नामित अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता के मार्गदर्शन और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के नेतृत्व में कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।
अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि ‘सुरक्षित’ जनपद का दर्जा मिलना केवल रैंकिंग की उपलब्धि नहीं है, बल्कि एचआईवी के प्रति जागरूक समाज और जरूरतमंदों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इसमें अधिकारियों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, तकनीकी कर्मचारियों, सामुदायिक संगठनों और सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
95-95-95 के मानकों पर हुआ मूल्यांकन
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन एचआईवी कार्यक्रम की प्रगति का आकलन 95-95-95 के तीन मानकों पर करता है। इनमें एक मानक पूरा करने वाले जिले को ‘संघर्षशील’, दो मानक हासिल करने वाले जिले को ‘सक्षम’ और तीनों मानक पूरे करने वाले जिले को ‘सुरक्षित’ श्रेणी में रखा जाता है।
पहले मानक के तहत अनुमानित एचआईवी संक्रमित आबादी के कम से कम 95 प्रतिशत लोगों को अपनी संक्रमण स्थिति की जानकारी होनी चाहिए। दूसरे मानक के अनुसार, अपनी एचआईवी स्थिति जानने वाले लोगों में कम से कम 95 प्रतिशत एआरटी उपचार से जुड़े हों। तीसरे मानक में उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों में कम से कम 95 प्रतिशत का वायरल लोड नियंत्रित यानी सप्रेस्ड या अनडिटेक्टेबल होना आवश्यक है।
4105 मरीजों का वायरल लोड नियंत्रित
डॉ. पीयूष राय ने बताया कि नियमित समीक्षा, आंकड़ों की निगरानी और उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में वाराणसी ने तीनों मानकों पर उल्लेखनीय प्रगति की है। जिले में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। वाराणसी प्रदेश का पहला जनपद था, जिसे ‘सक्षम’ श्रेणी प्राप्त हुई थी। अब ‘सुरक्षित’ श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने इस सफलता के लिए सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, प्रयोगशाला एवं तकनीकी कर्मचारियों, सामुदायिक संगठनों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच, मरीजों को उपचार से जोड़ने और वायरल लोड नियंत्रित रखने के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

