वाराणसी : संत रविदास सेवा रत्न समारोह में चर्मकार बंधुओं का सम्मान, बांटी गई टूलकिट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा काशी क्षेत्र की ओर से बुधवार को नगवा स्थित संत रविदास पार्क में ‘संत रविदास सेवा रत्न सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चर्मकार (मोची) समाज के लोगों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से चर्मकारों का पंजीकरण किया गया और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पहले से पंजीकृत लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि गरीब, जरूरतमंद, शिल्पकार, मजदूर, किसान, महिलाओं और युवाओं को मजबूत किए बिना राष्ट्र को मजबूत नहीं किया जा सकता। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और चर्म शिल्पकारों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

123

अशोक चौरसिया ने कहा कि अंत्योदय का सिद्धांत पं. दीनदयाल उपाध्याय और संत रविदास के चिंतन में प्रमुखता से मिलता है। 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करना जरूरी है। इस दौरान नवरतन राठी, उत्तम ओझा, विद्याधर तिवारी, अनूप जायसवाल, देवेंद्र मौर्य, संतोष सोलापुरकर समेत भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में चर्मकार समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित राय ने किया।

Share this story