वाराणसी में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि संगीत महोत्सव का होगा आयोजन, पोद्दार अंधविद्यालय में दिग्गज कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
इस प्रतिष्ठित आयोजन में पद्मश्री सतीश व्यास (संतूर), जयंतीमाला (कथक), आस्था गोस्वामी (शास्त्रीय गायन) समेत कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का आयोजन सेठ किशोरीलाल जालान सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में किया जा रहा है और इसकी जानकारी आयोजकों केशव जालान व कृष्ण कुमार जालान ने साझा की।

कार्यक्रम के पहले दिन का शुभारंभ पं. जवाहर लाल (वाराणसी) की शहनाई वंदना से होगा। भावना क्याल, आरिका क्याल, रिचा जालान अपनी नृत्य प्रस्तुति देंगी। उपशास्त्रीय गायन में भगीरथ जालान अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं पद्मश्री सतीश व्यास (मुंबई) अपनी संतूर वादन की प्रस्तुति से पहली रात का समापन करेंगे।
इसके बाद दूसरे दिन पं. अजय प्रसन्ना (नई दिल्ली) अपने बांसुरी वादन से कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। प्रसिद्ध नृत्यांगनाएं जयंतीमाला व ऋषिका मिश्रा (मुंबई) कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। महोत्सव की दूसरी निशा का समापन आरती अंकलीकर (मुंबई) के शास्त्रीय गायन से होगा।
महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन की शुरुआत आस्था गोस्वामी (वृंदावन) के शास्त्रीय गायन से होगी। इसके बाद केडिया बंधु (झारखंड) सितार-सरोद वादन से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। समापन समारोह में विरजा मांढरे व श्यामजीत किरण (चेन्नई) की भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुति होगी।

