वाराणसी : समरसेबल से पानी लेने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे से हमला, दंपती सहित तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में गुरुवार को समरसेबल से पानी भरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नशे की हालत में पहुंचे एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें पति-पत्नी सहित तीन लोग घायल हो गए।

गांव निवासी जयचंद पटेल की पत्नी बबीता देवी (40) अपने घर के समरसेबल से पानी भर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही शीत और उसका पुत्र कबीर वहां पहुंचे और कथित रूप से नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे। बबीता देवी द्वारा विरोध करने पर दोनों ने उन पर हमला कर दिया।

मां को पिटता देख उनका बेटा रोशन (22) मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने उसे भी नहीं छोड़ा और लाठी-डंडों से मारकर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब जयचंद पटेल (45) मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।

घटना के बाद घायल दंपती मिर्जामुराद थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है। इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।

Share this story