वाराणसी : महिला से छेड़खानी और मारपीट का आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा इलाके में एक महिला ने छेड़खानी, उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, क्षेत्र निवासी प्रदीप राजभर पिछले लगभग दो वर्षों से उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहा था। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे परेशान करता रहा, जिससे वह और उसका परिवार लंबे समय से तनाव में थे।

महिला ने बताया कि 24 मई की रात करीब 10:30 बजे प्रदीप राजभर अपने दो अन्य साथियों के साथ जबरन उसके घर में घुस आया। आरोप है कि तीनों ने घर में घुसकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर महिला तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट की। घटना के बाद परिवार में भय और दहशत का माहौल बन गया।

पीड़िता ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भेलूपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story