वाराणसी : सरेआम सड़क पर कार की बोनट पर बैठकर हाथ में ड्रिंक लेकर रील बनाना पड़ा महंगा, तीन गिरफ्तार, वाहन सीज
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के साजन तिराहे पर शुक्रवार की रात पुलिस ने कार में बैठकर रील बना रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक कार में बैठकर हाथ में ड्रिंक लेकर वीडियो बना रहे थे। रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर पड़ने पर तीनों को रोककर पूछताछ की गई। वाहन के जरूरी कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने कार को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रात्रि में संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 11 बजे साजन तिराहे पर यूपी 63 एए 2682 नंबर की सियाज कार खड़ी मिली। कार में बैठे कुछ नवयुवक हाथ में ड्रिंक लेकर रील बना रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान तीनों की पहचान अरबाज पुत्र मुमताज निवासी घमड़िया, थाना लोहता, आजाद नगर, वाराणसी, साजिद फारूकी पुत्रुल इस्लाम निवासी उपरोक्त और करीम पुत्र ताहिर अली निवासी आजाद नगर खमरिया, थाना लोहता, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की। जांच के दौरान कार के कागजात मांगे जाने पर वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया।

