वाराणसी : बेनीपुर में प्राचीन महादेव मंदिर पर विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव स्थित प्राचीन महादेव शिव मंदिर पर शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी और पूरे क्षेत्र में भक्ति व उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत मेवालाल राजभर एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुई। पूजन के बाद ब्राह्मणों का आशीर्वाद लिया गया और दूर-दराज से आए विद्वानों को प्रसाद वितरण कर उन्हें दान-दक्षिणा दी गई। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद महायज्ञ का समापन हुआ, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

123

दोपहर से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा। आयोजन की विशेषता यह रही कि हर श्रद्धालु को बैठाकर सम्मानपूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया गया। प्रसाद वितरण के लिए दर्जनों स्वयंसेवक और कार्यकर्ता लगातार सेवा में जुटे रहे। महिलाओं के लिए भी अलग से समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भजन-कीर्तन के माध्यम से वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। आयोजन समिति के अध्यक्ष विकाश राजभर (गुरु जी) के नेतृत्व में कमलेश ठाकुर, संतोष राय, संजय राय, संजीत राय, मोनू राजभर, रेनू राजभर, ज्योति राय, पूनम राय और नेहा राय समेत कई कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

Share this story