वाराणसी : चोरों ने शिक्षक के सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों का माल समेट ले गए, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत खुशीपुर स्थित न्यू महादेव कॉलोनी में चोरों ने एक शिक्षक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

न्यू महादेव कॉलोनी निवासी शिक्षक विनीत सिंह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान में प्रवेश कर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे कीमती आभूषण, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित के अनुसार चोर करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के जेवरात तथा लगभग 32 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना का पता तब चला जब परिवार के सदस्य वापस घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा और अलमारी खुली देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व लॉकर के ताले टूटे हुए थे। कीमती जेवर और नकदी गायब मिलने पर परिजनों के होश उड़ गए।

घटना की सूचना तत्काल रोहनिया थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही अखरी चौकी और रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पीड़ित शिक्षक विनीत सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं कॉलोनी के निवासियों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Share this story