वाराणसी : महिला की साड़ी पर आइसक्रीम फेंक उचक्कों ने उड़ाए 50 हजार रुपये और सोने की अंगूठियां, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में उचक्कों ने नई तरकीब अपनाकर एक महिला का पर्स उड़ा दिया। साड़ी पर आइसक्रीम फेंककर ध्यान भटकाया गया और कार में रखा पर्स लेकर आरोपी फरार हो गए। मामले में रामनगर थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

नगवां चुंगी निवासी चंद्रकला सिंह अपने रिश्तेदार के घर मुगलसराय जा रही थीं। जब वह रामनगर चौक के पास पहुंचीं तो उनकी कार अचानक खराब हो गई। चालक वाहन से उतरकर जांच करने लगा। इसी दौरान कार के पास खड़े कुछ युवकों ने चंद्रकला की साड़ी पर आइसक्रीम फेंक दी।

साड़ी गंदी होने पर चंद्रकला उसे साफ करने में लग गईं। इसी बीच उचक्कों ने कार की पिछली सीट पर रखा उनका पर्स और मोबाइल फोन पार कर दिया। पर्स में करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने की तीन अंगूठियां रखी थीं।

घटना की जानकारी होते ही पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Share this story