वाराणसी : ग्राहक सेवा केंद्र का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये ले उड़ा चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी में एनएच-19 किनारे संचालित बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में चोरी की घटना सामने आई है। चोर केंद्र का ताला तोड़कर कैश काउंटर में रखे करीब 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दिए जाने के बावजूद करीब एक सप्ताह बाद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।

खजूरी गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद बिंद उर्फ लोटू राम बिंद कृषि विज्ञान केंद्र मार्ग के पास एनएच-19 पर बैंक ऑफ इंडिया का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। उन्होंने मिर्जामुराद पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति सीएसपी में घुसा। आरोपी ने कैश काउंटर का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये चोरी कर लिए।

कैश काउंटर से नकदी गायब मिलने पर संचालक ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। इसमें एक व्यक्ति केंद्र का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता और नकदी निकालता दिखाई दे रहा है। फुटेज में आरोपी किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करते हुए भी नजर आया है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पीड़ित के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल डायल 112 और खजूरी चौकी पुलिस को सूचना दी गई थी। बाद में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराते हुए आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने की मांग की। मिर्जामुराद पुलिस ने शिकायत के करीब एक सप्ताह बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story