वाराणसी : हनुमान मंदिर की दान पेटी काटकर ले गए चोर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के पटेल नगर, करनाडाड़ी हाईवे के पास स्थित श्री विघ्न हरण हनुमान मंदिर में मंगलवार देर रात चोरों ने दान पेटी चोरी कर ली। चोर लोहे के खंभे में वेल्डिंग कर लगाई गई दान पेटी को काटकर अपने साथ ले गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
मंदिर के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान ओम प्रकाश सिंह बबलू ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 और रोहनिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मंदिर के उपाध्यक्ष गोकुल पटेल के अनुसार चोरी गई दान पेटी में करीब 50 हजार रुपये होने का अनुमान है। हालांकि, वास्तविक रकम का पता पेटी बरामद होने या अन्य जांच के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के करीब 100 मीटर की दूरी पर शराब का ठेका स्थित है। इसके चलते आसपास अक्सर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

