वाराणसी : बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर व नकदी लेकर फरार हुए चोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

सूजाबाद निवासी अभिलाष किसी कार्यवश घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उनके मकान को सूना पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों को खंगालते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 55 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात व नकदी गायब थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story