वाराणसी : बंद मकान में सेंध लगाकर चोरों ने लाखों का माल किया पार, छानबीन में जुटी पुलिस, मुंबई गई थी गृहस्वामिनी
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर (नहरापार) गांव में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, कपड़े और बाइक समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। बुधवार दोपहर मुंबई से घर पहुंची गृहस्वामिनी को घटना की जानकारी हुई। मकान के पीछे सेंध लगी देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खालिसपुर निवासी सुबोधनी देवी पत्नी स्वर्गीय शंकर गुप्ता अपने बेटों के साथ मुंबई के गोरेगांव में रहती हैं। गांव में उनका आठ कमरों का मकान है, जिसमें ताला बंद था। बुधवार को जब वह मुंबई से अपने गांव पहुंचीं तो मकान के पीछे दीवार में सेंध लगी मिली। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे।
नकदी, आभूषण और बाइक ले गए चोर
पीड़िता के मुताबिक, चोर घर से 15 हजार रुपये नकद, करधनी, सोने की चेन, कान के झुमके, बर्तन, कपड़े और सुपर स्प्लेंडर बाइक समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। आशंका जताई जा रही है कि मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घर में सेंध लगाकर प्रवेश करने के बाद उन्होंने कमरों को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और चोरी से जुड़े संभावित सुरागों की पड़ताल की जा रही है। घटना से गांव में बंद मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

