वाराणसी : सिखड़ी के प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं बार चोरी, समरसेबल तक उखाड़ ले गए चोर
वाराणसी। सेवापुरी विकासखंड के ग्राम सभा सिखड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर टीवी, माइक-साउंड समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए लगाए गए समरसेबल पंप को भी उखाड़कर ले गए। घटना के बाद विद्यालय में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। विद्यालय में बार-बार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है।
सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर कमरे का ताला और खिड़की टूटी मिली। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी वस्तुएं गायब थीं। विद्यालय स्टाफ ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रधानाचार्य सुबास चंद ने कपसेठी थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी।

प्रधानाचार्य ने बताया कि चोर कमरे का ताला और खिड़की काटकर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने विद्यालय में रखा टीवी, माइक-साउंड सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। बच्चों के पानी पीने के लिए लगाया गया समरसेबल भी चोर उखाड़ ले गए। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के सामने पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है।
पांचवीं बार हुई चोरी, नहीं पकड़े गए चोर
प्रधानाचार्य के मुताबिक विद्यालय में इससे पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है। रविवार रात हुई घटना को मिलाकर यहां अब तक करीब पांच बार चोरी की वारदात हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद किसी भी मामले में चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
समाजसेवी रमेश सिंह ने कहा कि सरकारी विद्यालयों को बार-बार निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय है। चोरी की घटनाओं से बच्चों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरों को गिरफ्तार करने के साथ विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने और बच्चों के लिए पेयजल की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है।

