वाराणसी : किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था अपने साथ, आरोपी गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना राजातालाब पुलिस ने अपहरण के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को वादी ने थाना राजातालाब में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को 12 मार्च को एक युवक द्वारा शादी करने की नियत से बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 52/2026 धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की जांच के दौरान 17 मार्च को उपनिरीक्षक आनंद कुमार पाण्डेय (चौकी प्रभारी जक्खिनी) और उपनिरीक्षक चंदन अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम जयापुर के पास से अभियुक्त रोहित प्रजापति (19 वर्ष), निवासी ग्राम चंदापुर, थाना राजातालाब को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि अपहृत किशोरी 16 मार्च को सकुशल अपने घर वापस लौट आई थी। इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश जारी थी, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

Share this story