वाराणसी : फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर किशोरी का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना जंसा पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। इस संबंध में थाना जंसा पर दर्ज मु0अ0सं0 0043/2026, धारा 137(2) व 87 बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को एसआई पवन कुमार यादव, प्रभारी चौकी कस्बा जंसा अपनी टीम के साथ सक्रिय थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त मोहम्मद आनस पुत्र मोहम्मद नईम निवासी ग्राम किठांवा, थाना सलोन, जनपद रायबरेली को ग्राम परमपुर रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अपहृता किशोरी को भी सुरक्षित बरामद किया गया।

मामले की शुरुआत 10 मार्च 2026 को हुई, जब पीड़िता के पिता ने थाना जंसा में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी लगभग 17 वर्षीय पुत्री 5 मार्च की रात से घर से लापता है। परिवार द्वारा काफी खोजबीन और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी का किशोरी से संपर्क फेसबुक के माध्यम से हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शादी का झांसा देकर किशोरी को अपने साथ मुंबई ले गया था। कुछ समय बाद दोनों वापस लौट रहे थे, तभी जंसा क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा किशोरी को आवश्यक परामर्श और सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

Share this story