वाराणसी : शिक्षकों के साथ पत्रकारों का भी सम्मान, सिटी प्राइड मोंटेसरी स्कूल में मनाया गया शिक्षक दिवस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिटी प्राइड मोंटेसरी स्कूल, शिवपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही समाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, गरिमा और सम्मान का माहौल रहा।


समारोह का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला हैं। उनका कार्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन और सोच को सकारात्मक दिशा प्रदान करना भी है।


विद्यालय की डायरेक्टर शादमान अमीम, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मोहम्मद फहद, एडमिनिस्ट्रेटिव डायरेक्टर डॉ. फरहान, प्रधानाचार्य अनिल कुमार गुप्ता एवं उप-प्रधानाचार्या सुनीता पांडेय ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।


विद्यालय के कोऑर्डिनेटर अर्जुन गुप्ता एवं राकेश गुप्ता ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक की जिम्मेदारी कक्षा तक सीमित नहीं होती। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ अनुशासन, जिम्मेदारी, संस्कार और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। यही गुण विद्यार्थियों को भविष्य में समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करते हैं।


समारोह में विद्यालय की शिक्षिकाओं प्रगति प्रजापति, अनन्या दुबे, स्वाति दुबे एवं नगमा अख्तर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मृति चिह्न एवं सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों के योगदान के प्रति आभार जताया।

123

पत्रकारों को भी किया सम्मानित 
समारोह के दूसरे चरण में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज को जागरूक करने में योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता और शासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं एवं आमजन की आवाज को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।

समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, पत्रकार एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, पत्रकारों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने संदेश दिया कि शिक्षा उज्ज्वल समाज की नींव रखती है, जबकि निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को जागरूक और जिम्मेदार बनाने में अहम भूमिका निभाती है।

Share this story