वाराणसी : स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए तमिलनाडु के श्रद्धालु, NDRF जवानों ने सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दांडी घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से डूब रहे 63 वर्षीय श्रद्धालु की 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए जान बचा ली। घाट पर पिकेट ड्यूटी में तैनात बचावकर्मियों ने स्थिति को भांपते ही तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और लाइफ बॉय की मदद से श्रद्धालु को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

एनडीआरएफ के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। गंगा स्नान के दौरान एक श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर तैनात एनडीआरएफ के बचावकर्मियों की नजर उस पर पड़ते ही टीम सक्रिय हो गई। बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया गया। जवानों ने लाइफ बॉय की सहायता से श्रद्धालु तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और नदी तट पर ले आए।

बचाए गए श्रद्धालु की पहचान एस. मुतायन, उम्र 63 वर्ष, निवासी कुड्डालोर, तमिलनाडु के रूप में हुई। समय रहते एनडीआरएफ की टीम की ओर से की गई त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बचावकर्मियों की तत्परता की सराहना की।

एनडीआरएफ की ओर से बताया गया कि घाटों पर तैनात बचावकर्मी श्रद्धालुओं और आमजन को लगातार जल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हैं। लोगों से अपील की जाती है कि गंगा में स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों का ही इस्तेमाल करें और गहरे पानी में जाने से बचें। साथ ही प्रशासन और बचाव दल की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

विशेषकर मानसून और गंगा का जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी की गहराई और धारा का वेग बदल सकता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। एनडीआरएफ ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल घाट पर मौजूद बचाव दल को सूचना दें।

Share this story