वाराणसी : छात्रा ने बातचीत बंद की तो दी धमकी, ममेरे भाई को पीटा, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक निजी कॉलेज में पढ़ने वाली बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा को बातचीत बंद करने पर धमकी देने और उसके ममेरे भाई की पिटाई करने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
भदोही के औराई निवासी एक युवती मिर्जामुराद स्थित कालेज में पढ़ती है। पिता ने आरोप लगाया कि कॉलेज में पढ़ने वाला लेदुपुर निवासी राज सिंह उनकी बेटी से बातचीत करता था। छात्रा के ममेरे भाई ने दोनों को साथ देखकर बातचीत बंद करने की सलाह दी। इसके बाद छात्रा ने राज सिंह से बात करने से मना कर दिया। आरोप है कि इस पर राज सिंह ने उसे बदनाम करने और पिता व भाई की हत्या करने की धमकी दी।
आरोप है कि 15 अक्तूबर को छुट्टी के बाद राज सिंह ने पांच-छह साथियों के साथ मिलकर छात्रा के ममेरे भाई अभिषेक उर्फ अंकित शुक्ला की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घटना के बाद से छात्रा डर के कारण कॉलेज जाने से कतरा रही है। युवती के पिता के तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गईं है।

