वाराणसी के छात्र की बिहार में गोली मारकर हत्या, होली की छुट्टी में घर गया था युवक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के काशी इंस्टीच्यूट के एक छात्र की बिहार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद संस्थान के हॉस्टल और सहपाठियों में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार निवासी नीलेश झा (25 वर्ष) पुत्र पप्पू झा काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीबीए प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। वह मिर्जामुराद स्थित कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। होली के त्योहार के कारण कॉलेज में अवकाश होने पर वह अपने पैतृक गांव बिहार के समस्तीपुर जिले चला गया था।

बताया जा रहा है कि घटना मऊ गणेशपुर गांव की है, जो विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में आता है। हॉस्टल में रहने वाले उसके सहपाठियों के अनुसार शनिवार सुबह तक निलेश की उनसे फोन पर बातचीत हुई थी और उसने बताया था कि वह रविवार को ट्रेन से वापस वाराणसी लौटने वाला है। लेकिन शनिवार देर शाम अचानक उसके गोली लगने की खबर आ गई, जिससे सभी स्तब्ध रह गए।

परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम निलेश को उसके कुछ दोस्तों ने फोन कर पार्टी के लिए बुलाया था। मऊ बाजार में सभी लोग साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उसे गोली लग गई। गोली लगने के बाद उसके साथ मौजूद दोस्त उसे तुरंत पास के एक अस्पताल ले गए, लेकिन हालत बिगड़ती देख वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और निलेश को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसने चलाई और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। निलेश के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Share this story