वाराणसी : थानाध्यक्ष ने नवागत पुलिसकर्मियों को पढ़ाया कर्तव्य का पाठ, क्षेत्र में किया गश्त, अतिक्रमणकारियों को दी सख्त चेतावनी
वाराणसी। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर थाना लोहता में गुरुवार शाम नवागत पुलिसकर्मियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान 7 महिला आरक्षी और 20 पुरुष कांस्टेबलों को क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग और जनसंपर्क को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के साथ मित्रवत व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों का विश्वास जीतना भी उतना ही जरूरी है।
बैठक के बाद थानाध्यक्ष ने नवागत पुलिसकर्मियों के साथ लोहता कस्बा, हरपालपुर और लोहता तिराहा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण न हटाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त भी की और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान लोगों को शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित गश्त व सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

