वाराणसी : तीन अगस्त से चलेगा विशेष टीडी टीकाकरण अभियान, छूटे बच्चों को लगाए जाएंगे टेटनस-डिप्थीरिया के टीके

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। टेटनस एवं डिप्थीरिया (टीडी) टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को चिरईगांव विकास खंड सभागार में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी ने की। इसमें स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक रणनीति पर चर्चा की।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव के प्रभारी डॉ. राजनाथ ने बताया कि गत वर्ष 24 अप्रैल से 10 मई तक संचालित टीडी टीकाकरण अभियान के दौरान विकास खंड के 206 सरकारी एवं गैरसरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों का टीकाकरण किया गया था। अभियान के तहत कक्षा पांच के 6,259 तथा कक्षा दस के 4,604 विद्यार्थियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। हालांकि, कुछ विद्यालयों के बच्चे विभिन्न कारणों से टीकाकरण से वंचित रह गए थे।

123

उन्होंने बताया कि ऐसे सभी छूटे हुए बच्चों को टीकाकरण का लाभ देने के लिए 3 अगस्त से 7 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों में जाकर पात्र विद्यार्थियों को टेटनस एवं डिप्थीरिया से बचाव का टीका लगाया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, नियमित टीकाकरण सत्रों की प्रगति तथा टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों को जागरूक कर बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने जनजागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

बैठक में सहायक शोध अधिकारी काव्या, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. मानसी गुप्ता, यूनिसेफ के ब्लॉक मॉनिटर मोहम्मद काशिफ, डब्ल्यूएचओ के मॉनिटर अजय कुमार तथा प्रभारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अशोक कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story