वाराणसी : बरसात में बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान, कई कॉलोनियों में एंटी लार्वा का छिड़काव
वाराणसी। बरसात के मौसम में मच्छरजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से सुसुवाही में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भगवती नगर कॉलोनी, गणेश पुरी कॉलोनी, शिवपुरी कॉलोनी और कामनी विहार कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। साथ ही नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया।

बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए नगर निगम के सहयोग से पूरे वार्ड में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है तथा एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके और क्षेत्रवासियों को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

स्थानीय पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने बताया कि सफाई कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि नालियों की नियमित सफाई करें, जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर वहां तत्काल एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित करें तथा कूड़ा-करकट का समय पर उठान कराया जाए। अभियान के दौरान लोगों को अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।


