वाराणसी : सुसुवाही में विशेष सफाई अभियान तेज, एंटी लार्वा छिड़काव के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों की हो रही सफाई
वाराणसी। मानसून के दौरान संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुसुवाही क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मेयर, नगर आयुक्त तथा प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई कार्य कराने के साथ-साथ एंटी लार्वा का छिड़काव भी करा रही हैं। अभियान के तहत जलभराव, कूड़े के ढेर और मच्छरों के प्रजनन वाले स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत सुसुवाही स्थित गौतम नगर कॉलोनी की विभिन्न गलियों में एंटी लार्वा का व्यापक छिड़काव कराया गया। वहीं सुसुवाही कर्मनवीर रोड पर क्राउन होटल के पास स्थित पोखरी में जमा कूड़े की सफाई कराई जा रही है, ताकि जलभराव और गंदगी के कारण फैलने वाली बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

सुसुवाही वार्ड के पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने बताया कि क्षेत्र में स्वच्छता अभियान लगातार जारी है और जहां कहीं भी गंदगी, जलभराव या मच्छरों की समस्या की सूचना मिलती है, वहां नगर निगम की टीम तत्काल पहुंचकर सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखना भी है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोग पंचायत भवन में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। यदि किसी मोहल्ले में कूड़ा जमा होने, नालियों के जाम होने या पानी रुकने की सूचना मिलती है तो तत्काल संबंधित कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान कराया जाता है। पार्षद ने कहा कि काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने पर लगातार जोर देते रहे हैं। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सुसुवाही क्षेत्र में नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र स्वच्छ और स्वस्थ बना रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत भवन में प्रतिदिन जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे रख सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें। नगर निगम का यह अभियान मानसून के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को संक्रामक रोगों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी नियमित सफाई और त्वरित कार्रवाई के लिए नगर निगम के प्रयासों की सराहना की है।


