वाराणसी : जलभराव और महंगाई को लेकर भाजपा पर बरसे सपाई, 2027 में बदलाव का किया आह्वान
वाराणसी। अवलेशपुर में संजय राजभर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, के आवास पर रविवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र समाजवादी पार्टी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता रोहनिया विधानसभा अध्यक्ष गोपाल यादव ने की, जबकि संचालन आनंद पटेल ने किया। बैठक में पार्टी नेताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव के लिए जुटने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि रोहनिया विधानसभा क्षेत्र का शहरी इलाका बारिश के पानी से बेहाल है। शहर में जगह-जगह जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है। लोगों को दुर्गंध के बीच गलियों से गुजरना पड़ रहा है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि केवल हवाई सर्वेक्षण करने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जमीन पर उतरकर जलनिकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की गाढ़ी कमाई से जमा टैक्स का भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी और मंत्री दुरुपयोग कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी के नाम पर बनारस की जनता को केवल धोखा मिला है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जिसे डबल इंजन की सरकार बताया जा रहा है, उसमें विकास की रफ्तार दिखाई नहीं दे रही है। यह सरकार रेल के बिना इंजन खड़े डिब्बे जैसी है।
पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश की जनता ने 10 साल डबल इंजन की सरकार को देख लिया है। अब 2027 में परिवर्तन के लिए एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का प्रयास करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल राजभर ने कहा कि बनारस का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब तानाशाही सरकार को उत्तर प्रदेश और बनारस से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जाए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर पीडीए समाज के विकास के साथ महंगाई से राहत दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश पटेल, जिला पंचायत सदस्य दर्शन यादव, सचिन प्रजापति, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेश सिंह, सुनील बिंद, दुर्गावती पटेल समेत सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी, जोनल प्रभारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

