वाराणसी : मानसरोवर में श्री राम साम्राज्य पट्टाभिषेकम महोत्सव का भव्य समापन, गंगा तट पर भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण बना भक्तिमय
वाराणसी। मानसरोवर स्थित श्री रामतारक आंध्र आश्रम में 12 दिनों से चल रहा श्री राम साम्राज्य पट्टाभिषेकम महोत्सव मंगलवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

हनुमान जी की विशेष पूजा से हुई दिन की शुरुआत
मंगलवार सुबह कार्यक्रम की शुरुआत भगवान हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना से हुई। श्रद्धालुओं ने पान के पत्तों से सहस्त्रनाम विधि के तहत हनुमान जी का पूजन कर उनकी कृपा और आशीर्वाद की कामना की। पूरे दिन आश्रम परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा।
भगवान राम दरबार की भव्य शोभा यात्रा निकली
शाम करीब 5 बजे आश्रम से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें भगवान राम दरबार को सिंहासन पर विराजमान कर आकर्षक ढंग से सजाए गए बजड़े पर स्थापित किया गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जय श्री राम के जयकारों के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुए।
गंगा में बजड़े से निकली दिव्य यात्रा
शोभा यात्रा आश्रम से निकलकर सोमेश्वर घाट पहुंची, जहां से बजड़े के माध्यम से गंगा यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और पंचगंगा घाट होते हुए पुनः सोमेश्वर घाट लौटी। इस दौरान गंगा तट पर भक्तों ने भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

गंगा पूजन के बाद राम मंदिर में विराजमान हुए भगवान
यात्रा के समापन पर सोमेश्वर घाट पर गंगा माता का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद भगवान रामचंद्र जी को पुनः आश्रम स्थित राम मंदिर में विधिपूर्वक विराजमान कराया गया।
सैकड़ों श्रद्धालुओं की रही सहभागिता
पूरे आयोजन में सैकड़ों की संख्या में राम भक्त और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जय श्री राम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इन गणमान्यों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी वी.वी. सुंदर शास्त्री उलिमिरि सोमैयाजुलू, पैरा राजू, राजू यादव और एन. रामचंद्र मूर्ति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन का संचालन आश्रम के मैनेजर वी.वी. सीताराम द्वारा किया गया।

