वाराणसी : सेवा संकल्प अभियान में मंदिर परिसर की सफाई, बीजेपी कार्यकर्ताओं संग चलाया स्वच्छता अभियान
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को मिर्जामुराद मंडल के गौर गांव स्थित बंगलाचट्टी के प्राचीन शिव मंदिर एवं राधाकृष्ण मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की।
सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली मंदिर परिसर पहुंची और हाथों में झाड़ू लेकर सफाई अभियान शुरू किया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर के गर्भगृह, परिसर, सीढ़ियों और आसपास के रास्तों से कूड़ा-कचरा हटाया। इसके बाद पूरे परिसर की पानी से धुलाई की गई। सफाई अभियान के बाद मंदिर परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कार्य किया है। उन्हीं की प्रेरणा से सेवा संकल्प अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। मंदिर, गांव और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रहने से स्वस्थ वातावरण तैयार होता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही ग्रामीणों से भी अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने और अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
स्वच्छता अभियान में जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, ग्राम प्रधान विजय कुमार गुप्ता, जिला मंत्री सुरेंद्र बिंद, शक्ति केंद्र संयोजक राजनाथ दूबे, मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, मंडल उपाध्यक्ष मनोज सिंह, बूथ अध्यक्ष राकेश सेठ समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। शिव शंकर, उमाशंकर पटेल, धीरज सिंह, निहाल सेठ, शिवधनी पटेल, ओपी पटेल, राजन सोनकर, मनोज बिंद सहित मंदिर समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने भी अभियान में श्रमदान किया।

