वाराणसी: एसडीएम ने निभाया वादा, मेधावी छात्रा अनामिका को भेंट की साइकिल, बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री
वाराणसी। सदर एसडीएम नितिन सिंह ने रविवार शाम विकासखंड चिरईगांव की ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद (मुस्तफाबाद रेता) पहुंचकर कक्षा पांच की मेधावी छात्रा अनामिका निषाद को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अन्य बच्चों को रबर, पेंसिल और फल वितरित कर शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने का संदेश दिया।

लगभग एक माह पूर्व एसडीएम नितिन सिंह किसी प्रशासनिक कार्य से मुस्तफाबाद रेता पहुंचे थे। उस दौरान कम्पोजिट विद्यालय मुस्तफाबाद रेता के पास एक निजी शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे थे। वहीं अनामिका निषाद भी पढ़ाई कर रही थी। एसडीएम ने छात्रा से बातचीत की और उसकी पढ़ाई व सामान्य ज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे। अनामिका के आत्मविश्वास और सटीक जवाबों से प्रभावित होकर उन्होंने उसे अगली बार आने पर साइकिल देने का वादा किया था।

रविवार को एसडीएम नितिन सिंह अपनी मां और बहन के साथ गांव पहुंचे और अपना वादा निभाते हुए अनामिका को साइकिल भेंट की। उन्होंने छात्रा को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अन्य बच्चों से भी संवाद किया और शिक्षा के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम में मौजूद बच्चों में आदित्य, सोनाली, ओमप्रकाश, अर्चित सहित अन्य विद्यार्थियों को रबर, पेंसिल और फल वितरित किए गए। एसडीएम के इस प्रेरक कदम की ग्रामीणों और अभिभावकों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

