वाराणसी : मेहंदीगंज पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल, मृतका अलका बिंद के पिता को सौंपा एक लाख का चेक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर रविवार को एक प्रतिनिधिमंडल मेहंदीगंज गांव पहुंचा। अलका बिंद हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलकर मृतका के पिता को एक लाख रुपये का चेक सौंपा। साथ ही पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। 

 

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने किया। उनके साथ पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल राजभर, विष्णु कुमार, पूजा यादव और पखंडी राम बिंद शामिल थे। इस दौरान मृतका अलका बिंद के पिता चंद्रशेखर बिंद को समाजवादी पार्टी की ओर से एक लाख रुपये का चेक सौंपा गया।

 

विदित हो कि कुछ दिन पूर्व मिर्जामुराद के रूपापुर स्थित एक ढाबे पर अलका बिंद की उनके प्रेमी द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के विरोध में अलका के परिवार और ग्रामीणों ने चार घंटे तक हाईवे जाम किया था। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि शासन-प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर यह अनुदान राशि पीड़ित परिवार को प्रदान की गई है।

Share this story