वाराणसी : एटीएम में मदद के बहाने ठगी, छात्र के खाते से 29 हजार रुपये निकाले
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के कछवां रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में एक छात्र के साथ ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर छात्र के खाते से 29 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के दुरासी गांव निवासी शुभम राज, जो बीएससी का छात्र है, शनिवार शाम अपने पिता का एटीएम कार्ड लेकर पैसे निकालने एटीएम पहुंचा था। छात्र के मुताबिक, एटीएम के अंदर पहले से तीन युवक मौजूद थे। जब उसने पैसा निकालने की कोशिश की तो ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हुआ। इसी दौरान एक युवक ने मदद का झांसा देते हुए उसका एटीएम कार्ड ले लिया और चालाकी से पिन नंबर भी देख लिया। आरोप है कि जालसाज ने उसी समय उसका कार्ड बदल दिया और उसे दूसरा कार्ड थमा दिया। छात्र बिना पैसा निकाले घर लौट आया।
कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 29 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। रविवार को बैंक बंद होने के कारण जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार को जब वह भारतीय स्टेट बैंक की चौरी शाखा पहुंचा, तो पता चला कि खाते से कई बार में रकम निकाली गई है। पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें संदिग्ध युवक नजर आए हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

