वाराणसी : परशुराम स्वरूप तस्वीर के साथ राहुल गांधी का मनाया जन्मदिन, कार्यकर्ताओं ने की दीर्घायु की कामना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में उत्सव मनाया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने मां गंगा के मध्य विशेष पूजा-अर्चना कर राहुल गांधी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यकर्ताओं ने परशुराम स्वरूप तस्वीर के साथ राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया। 

123

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की भगवान परशुराम के स्वरूप में तैयार की गई एक विशेष तस्वीर स्थापित की, जिसमें उनके हाथों में भारतीय संविधान भी दर्शाया गया था। इस अनूठी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया और उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

गंगा नदी के बीच वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दुग्धाभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धा और आस्था के माहौल में कार्यकर्ताओं ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर राहुल गांधी के दीर्घ जीवन तथा देशहित में उनके योगदान की निरंतरता की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

123

युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहे हैं। उनके जन्मदिन को सेवा, संकल्प और जनहित के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राहुल गांधी के स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

Share this story