वाराणसी : धूमिल की कविताओं में गूंजते हैं व्यवस्था से सवाल, 90वीं जयंती पर जनकवि को किया याद, ‘आलोचना का लोक राग’ और ‘प्रतिशोध की कविताएं’ पुस्तकों का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हिंदी साहित्य के जनकवि सुदामा पांडेय ‘धूमिल’ की 90वीं जयंती सोमवार को उनके पैतृक गांव खेवली में साहित्यिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। सेवापुरी विकास खंड के खेवली ग्रामसभा अंतर्गत पांडेयपुर गांव में आयोजित समारोह में साहित्यकारों, कवियों और ग्रामीणों ने धूमिल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा करते हुए उन्हें जनसरोकारों का सजग प्रहरी बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कवि एवं गजलकार शिव कुमार पराग ने कहा कि धूमिल की कविताएं समकालीन व्यवस्था पर गहरा प्रहार करती हैं। वह लोकतंत्र के बदलते स्वरूप के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से नए लोकतंत्र की तलाश करते हुए आम आदमी की आवाज को अभिव्यक्ति दी। धूमिल हिंदी के उन विशिष्ट कवियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने समय में नए काव्य मुहावरे गढ़े। हिंदी साहित्य में कबीर, निराला, मुक्तिबोध और धूमिल को एक महत्वपूर्ण साहित्यिक परंपरा की कड़ी के रूप में देखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि धूमिल की कविताओं में व्यवस्था के प्रति तीखे तेवर के साथ प्रेम की संवेदना भी दिखाई देती है। उनके संपूर्ण व्यक्तित्व और साहित्य का मूलाधार खेवली गांव की मिट्टी रही है। पांडेयपुर और खेवली एक ही पन्ने के दो पृष्ठ हैं। इन्हीं के अनुभवों से धूमिल का साहित्य आकार लेता है और तत्कालीन संसद से सवाल करता है। रोटी और संसद के मौन रहने का सवाल आज भी उतना ही प्रासंगिक है। मुख्य वक्ता आनंद प्रकाश तिवारी ने कहा कि धूमिल की कविताएं व्यवस्था की विसंगतियों को बेबाकी से उजागर करती हैं। उनकी रचनाओं में आदमी के खिलाफ आदमी के षड्यंत्र को सामने लाने का साहस दिखाई देता है। वह अपनी कविताओं के माध्यम से व्यवस्था की नींव हिला देना चाहते थे।

आयोजक रत्न शंकर पांडेय ने बताया कि धूमिल की जयंती समारोह का आयोजन पिछले करीब 43 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इस अवसर पर ‘आलोचना का लोक राग’ और ‘प्रतिशोध की कविताएं’ पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कहा कि धूमिल ने अपनी कविताओं में रोटी जैसे बुनियादी सवालों पर संसद की चुप्पी को जिस बेबाकी से उठाया, वह आज भी समाज को सोचने के लिए विवश करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वर त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन रत्न शंकर पांडेय ने किया। इस अवसर पर अनेक कवि, गजलकार, साहित्यकार और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21668 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story