वाराणसी : एक हफ्ते में दुरूस्त नहीं हुई बिजली आपूर्ति, नलकूप व संसाधन ठप, सिंचाई संकट से जूझ रहे किसान
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान के बाद विद्युत व्यवस्था अभी तक पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। विभाग द्वारा घरेलू बिजली आपूर्ति तो बहाल कर दी गई है, लेकिन कृषि सिंचाई के लिए लगाए गए बिजली खंभों और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत अब तक नहीं हो पाई है। इससे किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ठठरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े लच्छापुर, गुरुदासपुर, रामसिंहपुर और खोंचवा समेत कई गांवों में कृषि फीडर की बिजली आपूर्ति पिछले एक सप्ताह से बाधित है। किसानों का कहना है कि इस समय धान की नर्सरी तैयार करने और बीज डालने का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। ऐसे में सिंचाई के लिए बिजली न मिलने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है और फसल की तैयारी में देरी हो रही है।
किसान रामप्रसाद पटेल, शिवधर, जगदीश पटेल, शिवमूरत प्रसाद और विद्या पटेल ने बताया कि तूफान के दौरान कई बिजली खंभे टूट गए थे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि ठठरा उपकेंद्र के जेई सुबोध सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

