वाराणसी : मिर्जामुराद में पुलिस की सख्ती, एडीसीपी ने पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने रविवार को मिर्जामुराद में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था देखी। वहीं मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसीपी ने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से संवाद करते हुए सुरक्षा को लेकर जागरूक किया और अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही फुटपाथ और सड़कों पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी।

हाईवे किनारे खड़े वाहनों से बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एडीसीपी ने ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित रूप से चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस टीम को होटल और ढाबों की सघन जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना मिर्जामुराद सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

