वाराणसी : पुलिस ने पर्यटक का खोया पर्स ढूंढकर लौटाया, चेहरे पर दिखी खुशी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र की सुंदरपुर चौकी पुलिस की तत्परता और सक्रियता के चलते अयोध्या से वाराणसी घूमने आए एक पर्यटक परिवार का खोया हुआ पर्स कुछ ही समय में बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया गया। पुलिस की इस सराहनीय कार्य से परिवार ने राहत की सांस ली और वाराणसी पुलिस का आभार व्यक्त किया।

अयोध्या निवासी देवेंद्र अपने परिवार के साथ वाराणसी भ्रमण पर आए थे। सोमवार दोपहर उनकी स्विफ्ट डिजायर कार कैंसर अस्पताल के आगे स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास खड़ी थी। इसी दौरान उनकी पत्नी का पर्स किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकाल लिया गया। पर्स में एक मोबाइल फोन और नकदी रखी हुई थी। पर्स गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग परेशान हो गए और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सुंदरपुर चौकी प्रभारी आदित्य मिश्र और चौकी पर तैनात फैंटम दस्ते के पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक खोजबीन शुरू की और संभावित स्थानों पर जांच-पड़ताल की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते कुछ ही समय में खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया गया।

इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए चौकी प्रभारी आदित्य मिश्र ने पर्स उसके स्वामी को सौंप दिया। पर्स में रखा मोबाइल फोन और नकदी सुरक्षित मिलने पर परिवार ने खुशी जताई और पुलिस टीम की सराहना की।

पर्यटक परिवार ने कहा कि वाराणसी पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के कारण उनका महत्वपूर्ण सामान वापस मिल सका। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होता है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील भी की है।

Share this story