वाराणसी : पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को HIV एड्स पर किया गया जागरूक, संवेदीकरण कार्यशाला में कानून और बचाव पर जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी में पुलिस अधिकारियों और जवानों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान एचआईवी प्रिवेंशन एंड कंट्रोल एक्ट 2017, संक्रमण के कारणों, बचाव और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया।

ं

जागरूकता से ही रुक सकता है एचआईवी का प्रसार
वाराणसी जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता डॉ. पीयूष राय ने की। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं समाज में एचआईवी के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही एचआईवी के साथ जी रहे लोगों के प्रति सहयोगात्मक और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है।

ं

पुलिस की जिम्मेदारी पर दिया गया विशेष बल
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर पुलिस उपायुक्त नम्रता श्रीवास्तव ने कहा कि एचआईवी प्रिवेंशन एंड कंट्रोल एक्ट 2017 की जानकारी पुलिस के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना और उनकी गोपनीयता बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

ं

संक्रमण, बचाव और इलाज की दी गई जानकारी
डॉ. प्रीति अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से एचआईवी/एड्स के संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है और सभी को समय-समय पर एचआईवी जांच जरूर करानी चाहिए, जो सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध है।

ं

जिले में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी साझा
कार्यक्रम में मनीष कुमार सिंह ने वाराणसी में उपलब्ध एचआईवी जांच और उपचार सेवाओं के बारे में जानकारी दी, जिससे पुलिसकर्मी जरूरत पड़ने पर लोगों को सही दिशा में मार्गदर्शन कर सकें।

उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान और सहयोग
कार्यशाला के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देवेंद्र कुमार गुप्ता को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन चेतन श्रीवास्तव ने किया, जबकि स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन पूनम गुप्ता द्वारा किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

Share this story