वाराणसी : मारपीट कर छीन लिया था मोबाइल, आरोपी को पुलिस ने दबोचा
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में गाली-गलौज, मारपीट और मोबाइल छीनने की घटना में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सचिन सेठ निवासी पड़ाव साहुपुरी, थाना मुगलसराय, जिला चंदौली के रूप में हुई है। उसे दालमंडी मोड़ के पास स्थित एक गली से पकड़ा गया। मामले में थाना चौक पर मु0अ0सं0-0049/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना 4 मार्च की रात की है, जब पीड़ित अपने दोस्त के साथ घर जा रहा था। रास्ते में हनुमान मंदिर के पास एक युवक से मामूली टक्कर हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने अपने 4-5 साथियों को बुलाकर पीड़ित के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। उसके पास से रेडमी 5जी, मोटोरोला और एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, पंकज सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

