वाराणसी : पुलिस ने होटल संचालकों संग की बैठक, फायर सेफ्टी और साइबर जागरुकता को लेकर दिए अहम निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बड़ागांव क्षेत्र में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक बड़ागांव सहित क्षेत्र के विभिन्न होटल और गेस्ट हाउस संचालक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त ने होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी होटल एवं गेस्ट हाउस वैध लाइसेंस के अंतर्गत ही संचालित किए जाएं तथा लाइसेंस की प्रति परिसर में प्रदर्शित रखी जाए। उन्होंने कहा कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए और उनके पहचान पत्रों का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

उन्होंने होटल संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या परिस्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही होटल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कैमरों का फोकस मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल और अन्य सार्वजनिक क्षेत्रों पर रखने की सलाह दी गई। साथ ही रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि सभी होटल संचालक फायर सेफ्टी उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें और समय-समय पर उनकी जांच कराते रहें। होटल स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण देने तथा स्पष्ट रूप से चिन्हित इमरजेंसी एग्जिट बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए होटल संचालकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई। होटल परिसर में साइबर अपराधों से बचाव संबंधी पोस्टर और पंपलेट लगाने तथा डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्कता बरतने पर बल दिया गया।

इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए होटलों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में स्वच्छता बनाए रखने, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा किसी भी प्रकार की अराजक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का भी आह्वान किया गया।

Share this story