दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा पार रेती पर वाराणसी पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, दी सख्त हिदायत
वाराणसी। पर्यटकों की सुरक्षा और गंगा पार रेती क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा पार रेती क्षेत्र में वाराणसी पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रेती पर मौजूद लोगों के साथ-साथ ऊंट और घोड़ा संचालकों की सघन जांच की गई तथा सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश और सुरक्षा संबंधी हिदायतें दी गईं।

यह अभियान थानाध्यक्ष दशाश्वमेध संतोष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुजमणि तिवारी तथा जल पुलिस प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से चलाया गया। पुलिस टीम के रेती क्षेत्र में पहुंचते ही वहां अनावश्यक रूप से बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों की पहचान और गतिविधियों की जांच की।

पुलिस अधिकारियों ने रेती क्षेत्र में ऊंट और घोड़ा संचालकों को निर्देश दिया कि वे पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही बिना वजह रेती क्षेत्र में देर तक बैठने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। दलअसल गंगा पार रेती पर कुछ युवकों का गांजा पीते वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

