₹40 हजार के लालच में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, वाराणसी पुलिस ने देवबंद निवासी युवक को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। थाना जंसा पुलिस ने विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुकदमा अपराध संख्या 0017/2026, धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत दर्ज मुकदमे में प्रकाश में आए आरोपी अजय कुमार (40 वर्ष), निवासी खरजा अहमदपुर, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर को 25 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।

धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूर्व में वादी अमन सेठ द्वारा थाना जंसा में लिखित सूचना दी गई थी कि गुलाब सिंह के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि अजय कुमार उन्हें धन का लालच देकर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि धर्म परिवर्तन के लिए ₹40,000 देने की बात कही गई थी, जिसमें से ₹5,000 तत्काल दिए गए थे, जबकि शेष धनराशि धर्म परिवर्तन के बाद देने का आश्वासन दिया गया था।

े

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इस प्रकरण में थाना जंसा पुलिस ने पूर्व में 24 जनवरी 2026 को विजय कुमार (42 वर्ष), निवासी ग्राम परमन्दापुर, थाना जंसा, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था। विवेचना के दौरान अजय कुमार का नाम सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
प्रभारी निरीक्षक अनिल शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर आयुष कुमार ओझा (चौकी प्रभारी परमपुर), सब इंस्पेक्टर ताबिश खान एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त, गोमती ज़ोन कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

 

Share this story